
Time 24×7Tak
चम्पावत UK चम्पावत, 21 अगस्त👉 टनकपुर क्षेत्र में सिडकुल की स्थापना को लेकर प्रशासन ने प्रक्रिया तेज कर दी है। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुपालन में शुक्रवार को विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने प्रस्तावित भूमि का स्थलीय निरीक्षण कर मौके की स्थिति का जायजा लिया।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर राजस्व, उद्योग, वन, सिंचाई विभाग तथा सिडकुल के अधिकारियों की टीम ने फागपुर बीट संख्या 15 और 16 के अंतर्गत आने वाली भूमि का सर्वेक्षण किया। निरीक्षण के दौरान करीब 30 हेक्टेयर क्षेत्र को सिडकुल स्थापना के लिए चिह्नित किया गया।
उप जिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रस्तावित भूमि का अधिकांश हिस्सा खुला है और यहां पेड़ों की संख्या एवं वन घनत्व अपेक्षाकृत कम है। ऐसे में औद्योगिक गतिविधियों के विकास के लिहाज से यह क्षेत्र उपयुक्त माना जा रहा है।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान जिला उद्योग केंद्र की प्रबंधक सुमेधा पंत, उप प्रभागीय वनाधिकारी संचिता वर्मा, सिडकुल पंतनगर के कनिष्ठ अभियंता मुकेश मंडल, सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता मनोज तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद प्रस्तावित भूमि से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाने की कार्रवाई की जाएगी।










