
Time 24×7Tak
खटीमा UK खटीमा👉वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर के निर्देशन में जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में चौकी सत्रहमील पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान चलाकर नियमों की अनदेखी करने वाले 25 दोपहिया वाहन चालकों के चालान किए, जबकि आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर दो वाहनों को सीज कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान बिना हेलमेट, बिना ड्राइविंग लाइसेंस एवं वाहन के आवश्यक कागजात के बिना वाहन चलाने वालों के साथ ही तेज आवाज में पटाखे बजाने वाले दोपहिया वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस की सख्ती से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही।
चौकी प्रभारी पंकज पंथ ने बताया कि चेकिंग अभियान के दौरान कुछ वाहन चालकों के मौके पर नगद चालान किए गए, जिनसे कुल 5,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। यह अभियान पोलिंगज और मेहरबानगर क्षेत्र में चलाया गया।
एसएसपी ऊधमसिंहनगर के निर्देशन में चल रहे इस अभियान से स्पष्ट है कि पुलिस यातायात नियमों के उल्लंघन और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के प्रति किसी भी प्रकार की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है। पुलिस की इस सख्ती से आम लोगों में सुरक्षित यातायात को लेकर जागरूकता बढ़ने के साथ ही नियम तोड़ने वालों में भी कार्रवाई का भय पैदा हो रहा है।
अभियान में चौकी प्रभारी पंकज पंथ के साथ कांस्टेबल जगदीश नगरकोटी, मनोज देवलाल, राजेंद्र प्रसाद, दुर्गानाथ तथा महिला होमगार्ड मुस्कान शामिल रहे।










