Time 24×7Tak
पिथौरागढ़ UK बेरीनाग। नगर की तीन प्रमुख जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर व्यापार संघ, स्थानीय जनता एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों का शहीद चौक में चल रहा क्रमिक अनशन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों और स्थानीय विधायक के बीच करीब तीन घंटे तक चली वार्ता किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी, जिसके बाद विधायक, नगरपालिका अध्यक्ष और तहसीलदार को वापस लौटना पड़ा।
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक राजकीय महाविद्यालय को जाने वाली जर्जर सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं होता, बेरीनाग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय का दर्जा नहीं दिया जाता तथा महाविद्यालय के खेल मैदान को स्टेडियम के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया शुरू नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
दूसरे दिन क्रमिक अनशन पर गंगा सिंह सामंत, खुशाल सिंह कार्की, धना डांगी, मुन्नी पंत और गीता मेहरा बैठे। आंदोलनकारियों से वार्ता के लिए स्थानीय विधायक फकीर राम टम्टा, नगरपालिका अध्यक्ष हेमा पंत और तहसीलदार दयाल चंद्र मिश्रा शहीद चौक पहुंचे। विधायक ने तीनों मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का भरोसा देते हुए सड़क निर्माण के लिए धनराशि जारी कराने, सीएचसी को उप जिला चिकित्सालय का दर्जा दिलाने तथा खेल मैदान को स्टेडियम बनाने की दिशा में प्रयास करने का आश्वासन दिया।
हालांकि आंदोलनकारियों और मौके पर मौजूद महिलाओं ने आश्वासनों को पर्याप्त नहीं माना। उन्होंने दोटूक कहा कि केवल घोषणाओं से आंदोलन समाप्त नहीं होगा, बल्कि तीनों मांगों पर धरातल पर कार्य शुरू होने के बाद ही आंदोलन वापस लिया जाएगा। इस दौरान विधायक और आंदोलनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई तथा महिलाओं ने जोरदार नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश रावत ने कहा कि सरकार और प्रशासन की ओर से पूर्व में भी कई बार केवल आश्वासन दिए गए, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि जब तक तीनों मांगों पर कार्य शुरू नहीं होता, तब तक आंदोलन किसी भी स्थिति में समाप्त नहीं किया जाएगा।
इस दौरान पूर्व सभासद आशा भैसोड़ा, ग्राम प्रधान संजय तिवारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य नीरज शाह, पूर्व ग्राम प्रधान हेम पंत, दल बहादुर बाफिला, हरीश डसीला, जीवन रावत, कमल खाती, सरफराज हुसैन, निसार अहमद, गणेश रावत, पवन डांगी, दीपक कालाकोटी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और महिलाएं मौजूद रहीं।










