Time 24×7Tak
चम्पावत UK
चम्पावत 28 जुलाई👉 जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मंगलवार को राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पल्सो का औचक निरीक्षण कर शैक्षिक एवं व्यवस्थागत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, कक्षाओं, मध्याह्न भोजन, ज्ञान केंद्र (लाइब्रेरी), शौचालय तथा अन्य सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन कर विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि लगातार अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के घर जाकर अभिभावकों से संपर्क करें और उनकी अनुपस्थिति के कारण जानकर ड्रॉपआउट रोकने के लिए प्रभावी प्रयास करें। साथ ही पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता और मध्याह्न भोजन योजना के तहत खाद्यान्न स्टॉक की भी समीक्षा कर पर्याप्त भंडारण के निर्देश दिए।
विद्यालय भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, सामान्य ज्ञान और रुचियों के बारे में जानकारी ली। वनों के महत्व से जुड़े सवालों का बच्चों ने उत्साहपूर्वक उत्तर दिया, जिस पर उन्होंने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी शिक्षक की भूमिका में भी नजर आए। उन्होंने विद्यार्थियों को सामाजिक विज्ञान विषय पढ़ाते हुए हड़प्पा सभ्यता की विशेषताओं तथा नदियों के किनारे सभ्यताओं के विकास के महत्व को सरल और रोचक ढंग से समझाया।
जिलाधिकारी ने विद्यालय में स्थापित ज्ञान केंद्र (लाइब्रेरी) का निरीक्षण कर इसे विद्यार्थियों में अध्ययन की रुचि बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। इस दौरान कक्षा 10 की छात्रा पूजा भट्ट ने विद्यार्थियों की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लाइब्रेरी से पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में काफी मदद मिल रही है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए विद्यालयों में अनुशासन, नियमित उपस्थिति, स्वच्छ वातावरण और बेहतर शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करना सभी की साझा जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान प्रधानाचार्य अजय कुमार रावत, शिक्षक नीलाधर जोशी, शिक्षिका भावना उपाध्याय, शिक्षिका चंद्रवती सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।










