Time 24×7Tak
मुनस्यारी UK
मुनस्यारी👉 सीमांत क्षेत्र मुनस्यारी में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। पहले ही दिन 571 मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श, स्वास्थ्य परीक्षण और विभिन्न निशुल्क जांच व उपचार सेवाओं का लाभ उठाया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे. एस. चुफाल के निर्देशन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुनस्यारी में आयोजित शिविर का उद्घाटन पूर्व जिला पंचायत सदस्य हीरा धर्मशक्तू एवं मल्ला जोहार संघर्ष समिति के अध्यक्ष राम सिंह धर्मशक्तू ने संयुक्त रूप से किया।
शिविर में मरीजों को ईसीजी, एक्स-रे, रक्त जांच, दिव्यांग प्रमाण-पत्र, एचपीवी टीकाकरण, आभा आईडी और आयुष्मान कार्ड जैसी स्वास्थ्य सेवाएं एक ही स्थान पर निशुल्क उपलब्ध कराई गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक उपचार और परामर्श भी दिया। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय करने की परेशानी से राहत मिली।
शिविर के सफल संचालन में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. गौरव कुमार, नोडल अधिकारी डॉ. राशिद खान, बीपीएम प्रताप सिंह बिष्ट, बीएएम गणेश भाकुनी, ब्लॉक समन्वयक गंभीर सिंह मेहता, फार्मेसी अधिकारी ललित बृजवाल, वीरेन्द्र सिंह सयाना, डीईओ लक्ष्मण धामी सहित सीएचओ, एएनएम, आशा फैसिलिटेटर और आशा कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग दिया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा अगले दो दिनों तक जारी रहेगा। गुरुवार को परिवार नियोजन की स्थायी विधि (नसबंदी) से संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। विभाग ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की है।










