
Time 24×7Tak
पिथौरागढ़ UK पिथौरागढ़👉 दुर्गम एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की ओर से निरंतर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.एस. चुफाल के निर्देशन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तेजम की चिकित्सा टीम ने होकरा गांव में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया। शिविर में कुल 86 ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।
शिविर के दौरान ग्रामीणों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार उन्हें उपचार एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही ग्रामीणों को विभिन्न बीमारियों से बचाव, समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में चिकित्साधिकारी डॉ. नीतीश भट्ट, नर्सिंग ऑफिसर पवन रावत, एएनएम कमला शर्मा और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी कुसुम बेलवाल ने सेवाएं प्रदान कीं। चिकित्सा टीम ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी।
दुर्गम क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर आयोजित होने से ग्रामीणों को अपने गांव में ही जांच एवं उपचार की सुविधा मिली। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधा मिलने से उन्हें दूरस्थ स्वास्थ्य केंद्रों तक जाने की परेशानी से राहत मिली है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.एस. चुफाल ने कहा कि दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा ऐसे क्षेत्रों में नियमित रूप से शिविर आयोजित कर लोगों को स्वास्थ्य जांच, उपचार और जागरूकता का लाभ पहुंचाया जा रहा है।










