Time 24×7Tak
रुद्रपुर UK
रुद्रपुर👉 मानसून के दौरान डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया जैसी वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. के.के. अग्रवाल की अध्यक्षता में मुख्यालय सभागार में आयोजित बैठक में जिले के सभी सरकारी अस्पतालों के पैथोलॉजिस्ट एवं लैब टेक्नीशियनों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में सीएमओ ने सभी सरकारी अस्पतालों में विशेष डेंगू वार्ड स्थापित करने, पर्याप्त जांच किट, दवाओं का स्टॉक उपलब्ध रखने तथा सभी चिकित्सा उपकरणों को पूरी तरह कार्यशील स्थिति में रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार रहे।
जिला चिकित्सालय रुद्रपुर, उपजिला चिकित्सालय खटीमा और काशीपुर अस्पताल को डेंगू की एलाइजा (ELISA) जांच के लिए पर्याप्त किट एवं आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
सीएमओ ने जिलेभर में मच्छरों के पनपने वाले स्थानों को नष्ट करने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा आमजन को डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। बैठक में जिला सर्विलांस अधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इन बीमारियों के लक्षण, जांच और बचाव संबंधी विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. डी.पी. सिंह, डॉ. एस.पी. सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी गरुनाम सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (एनएचएम) हिमांशु मस्युनी, जिला डाटा मैनेजर चांदमिया सहित जिले के सभी सरकारी अस्पतालों के पैथोलॉजिस्ट एवं लैब टेक्नीशियन मौजूद रहे।










