Time 24×7Tak
चम्पावत UK चम्पावत 👉 24 जुलाई। जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर शुक्रवार को अमोड़ी क्षेत्र में ‘सुरक्षित दवा, सुरक्षित जीवन’ अभियान के तहत मेडिकल स्टोरों पर औचक निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर दो मेडिकल प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की गई, जबकि उनके दैनिक क्रय-विक्रय पर भी तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भवदीप रावते के नेतृत्व में औषधि नियंत्रण विभाग, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के तीन मेडिकल स्टोरों का गहन निरीक्षण किया। जांच के दौरान दवाओं के रखरखाव, भंडारण, एक्सपायर्ड दवाओं को अलग रखने तथा उनके सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था का परीक्षण किया गया।
निरीक्षण में दो मेडिकल स्टोरों पर गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर औषधि निरीक्षक हर्षिता ने दोनों प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की। साथ ही जनहित को देखते हुए संबंधित मेडिकल स्टोरों के दैनिक कारोबार पर भी रोक लगाने की कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान सभी मेडिकल संचालकों को लाइसेंस की शर्तों का कड़ाई से पालन करने, दवाओं का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने तथा बिना चिकित्सकीय परामर्श के एंटीबायोटिक दवाएं बिक्री न करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर सचिव भवदीप रावते ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत लोगों को जागरूक करते हुए ‘मानस’ पोर्टल और टोल फ्री नंबर 1933 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण दल में औषधि निरीक्षक हर्षिता, पुलिस विभाग से कांस्टेबल कुलदीप कुमार व कमल नाथ गोस्वामी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के रमेश चन्द्र गौतम और सुनील खर्कवाल भी शामिल रहे।










