✍️औचक निरीक्षण में खुली स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही की पोल     उपस्थिति पंजिका में खामियां मिलने पर अधिकारियों को नोटिस, सीएमओ ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी👉

✍️औचक निरीक्षण में खुली स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही की पोल उपस्थिति पंजिका में खामियां मिलने पर अधिकारियों को नोटिस, सीएमओ ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी👉

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

Time 24×7Tak

पिथौरागढ़ UK                                                        पिथौरागढ़👉 सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में व्यवस्थाओं और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.एस. चुफाल ने शनिवार को महिला अस्पताल और जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। अचानक पहुंचे सीएमओ को देखकर अस्पताल प्रशासन में हलचल मच गई। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका की जांच में कई अधिकारियों की उपस्थिति दर्ज नहीं मिली। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

सीएमओ ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा ड्यूटी के प्रति उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसी अनियमितता दोबारा सामने आने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

मरीजों से लिया स्वास्थ्य सुविधाओं का फीडबैक

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता भी परखी और संबंधित कर्मचारियों को भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीजों को चिकित्सकों द्वारा निर्धारित आवश्यक दवाएं अस्पताल से ही उपलब्ध कराई जाएं और उन्हें दवाओं के लिए बाहर जाने की जरूरत न पड़े।

यूआईपी स्टोर में वैक्सीन और स्टॉक का जायजा

जिला अस्पताल के यूआईपी स्टोर का निरीक्षण करते हुए सीएमओ ने वैक्सीन सहित अन्य जरूरी सामग्री के स्टॉक की स्थिति देखी। उन्होंने स्टॉक के उचित रखरखाव और समय पर आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एनसीडी सेल और मानसिक स्वास्थ्य क्लिनिक की भी जांच

सीएमओ ने एनसीडी सेल तथा मानसिक स्वास्थ्य क्लिनिक का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां कार्यरत कर्मचारियों से विभिन्न गतिविधियों और लंबित कार्यों की जानकारी ली। साथ ही सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए।

सीएमओ डॉ. चुफाल ने कहा कि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों के प्रति गंभीर रहे और कार्यस्थल पर समय का सदुपयोग करते हुए मरीजों की सेवा को प्राथमिकता दे। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में अनुशासन, समयबद्धता और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें
error: Content is protected !!