
Time 24×7Tak
चम्पावत UK चम्पावत 7 सितंबर👉 घाट-पनार मोटर मार्ग पर सोमवार को पहाड़ी से अचानक बोल्डर गिरने से एक वाहन उसकी चपेट में आ गया। हादसे के समय वाहन में पांच लोग सवार बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने बिना देर किए राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।
बताया गया कि वाहन संख्या UK05TA2878 घाट-पनार मार्ग पर खड़ा था, तभी ऊपर से अचानक भारी बोल्डर आ गिरा। हादसे में वाहन सवार दो लोग घायल हो गए, जिन्हें राहत एवं बचाव दल ने बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वाहन में मौजूद अन्य तीन लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर उप जिलाधिकारी नीतू डागर मौके पर मौजूद रहकर बचाव कार्य की निगरानी कर रही हैं। विभिन्न विभागों की टीमें आपसी समन्वय से अभियान को आगे बढ़ा रही हैं।
एसीएमओ डॉ. बलवीर सिंह के अनुसार हादसे की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने दो एंबुलेंस घटनास्थल के लिए रवाना कर दी थीं। घायल व्यक्तियों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भी घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और मौके पर चल रहे राहत-बचाव कार्य की जानकारी संबंधित विभागों से ले रहे हैं। प्रशासन ने रेस्क्यू टीमों को पूरी सावधानी के साथ अभियान संचालित करने के निर्देश दिए हैं। शेष लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।










