✍️तिरंगे के रंग में रंगा पिथौरागढ़, निकली भव्य तिरंगा रैली👉

✍️तिरंगे के रंग में रंगा पिथौरागढ़, निकली भव्य तिरंगा रैली👉

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

पिथौरागढ़ UK                                                     पिथौरागढ़👉 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिला प्रशासन की ओर से गुरुवार को पिथौरागढ़ नगर में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में लहराते तिरंगे और ‘भारत माता की जय’ व ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

रामलीला मैदान से शुरू हुई रैली को राज्य दर्जा मंत्री गणेश भंडारी, जिलाधिकारी आशीष भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, मेयर कल्पना देवलाल और जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद सहित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राष्ट्रीय गीत के साथ शुरू हुई रैली सिल्थाम, केमू स्टेशन, गुप्ता तिराहा और एप्टेक तिराहा होते हुए वापस रामलीला मैदान पहुंचकर संपन्न हुई।

रैली में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे तिरंगा लेकर शामिल हुए। बच्चों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल में राष्ट्रप्रेम का जोश भर दिया। नगर की सड़कों पर एक साथ लहराते सैकड़ों तिरंगे रैली का प्रमुख आकर्षण रहे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ जैसे अभियान समाज के प्रत्येक वर्ग में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करते हैं। तिरंगा स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, वीर जवानों के बलिदान और देशवासियों की आकांक्षाओं का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रध्वज के महत्व से जोड़ने का अवसर मिलता है।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा स्वतंत्रता दिवस को गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाने की अपील की।

 

 


ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें
error: Content is protected !!