Time 24×7Tak
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण, कैंसर-टीबी समेत विभिन्न जांचों की सुविधा; निशुल्क उपचार और परामर्श का मिला लाभ
पिथौरागढ़। विकासखंड मूनाकोट सभागार में आयोजित तीन दिवसीय बहुद्देशीय स्वास्थ्य शिविर के दूसरे दिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में 366 मरीजों की जांच एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.एस. चुफाल के निर्देशन में आयोजित शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार और निशुल्क चिकित्सकीय परामर्श दिया।
शिविर में 45 लोगों की बीपी व ब्लड शुगर जांच की गई। तीन महिलाओं की स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग तथा पांच लोगों की मुख कैंसर जांच की गई। इसके अलावा 43 लोगों की टीबी जांच हुई, जबकि दो लोगों को निक्षय मित्र बनाया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं के साथ ही शिविर में 43 लोगों के एक्स-रे, 20 लोगों के ब्लड टेस्ट और 31 लोगों की आभा आईडी बनाई गई। वहीं नौ लाभार्थियों के आयुष्मान भारत कार्ड भी तैयार किए गए। विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श मिलने के साथ मरीजों को आवश्यक दवाएं एवं उपचार भी उपलब्ध कराया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शिविर का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीक ही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान कर उपचार शुरू करना है। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता से स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों को भी मजबूती मिली।
शिविर के आयोजन में मूनाकोट विकासखंड की स्वास्थ्य टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तीन दिवसीय शिविर का समापन अंतिम दिन किया जाएगा। विभाग ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे शिविर में पहुंचकर निशुल्क जांच, विशेषज्ञ परामर्श, उपचार और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उठाएं।










