Time 24×7Tak
उधर सिंह नगर UK
उधर सिंह नगर 👉 राज्य सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” कार्यक्रम के तहत ऊधम सिंह नगर के गुलरभोज और केलाखेड़ा में शनिवार को “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” सेवा शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया।
गुलरभोज के एएनके इंटर कॉलेज में आयोजित शिविर की अध्यक्षता पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक अरविंद पांडेय ने की। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। शिविर में 413 लोगों ने भाग लिया, जिनमें 319 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया। स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क दवा वितरण, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट, बाल पोषण, जन्म-मृत्यु पंजीकरण तथा विधिक सहायता सहित कई सेवाएं प्रदान की गईं।
वहीं बाजपुर क्षेत्र के केलाखेड़ा में नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद शफी की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में समाज कल्याण, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, पूर्ति, महिला एवं बाल विकास, पंचायतीराज समेत विभिन्न विभागों ने योजनाओं की जानकारी दी। शिविर में प्राप्त 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने 183 लोगों की ओपीडी, टीबी व एनसीडी स्क्रीनिंग की, जबकि बाल विकास विभाग ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की।
दोनों शिविरों में अधिकारियों ने पात्र लाभार्थियों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।










