
Time 24×7Tak
चम्पावत UK
चंपावत 👉 जनपद में विकास परियोजनाओं से जुड़े वन भूमि हस्तांतरण के लंबित मामलों को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रस्तावों की प्रगति की समीक्षा की गई। एडीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
बैठक में बताया गया कि कई महत्वपूर्ण वन भूमि हस्तांतरण प्रस्ताव उच्च स्तर पर विचाराधीन होने के कारण विकास योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। इस पर अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को उच्च स्तर पर लगातार समन्वय बनाए रखने और लंबित मामलों की नियमित पैरवी करते हुए शीघ्र स्वीकृति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एडीएम ने कहा कि जनहित से जुड़ी किसी भी योजना का प्रस्ताव अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने नगर पंचायत बनबसा के अधिशासी अधिकारी को ट्रेंचिंग ग्राउंड से संबंधित प्रकरण को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। वहीं, थापलियाखेड़ा क्षेत्र के विद्युतीकरण कार्य की समीक्षा करते हुए प्रस्तावक विभाग को डिमांड नोट के अनुसार धनराशि शीघ्र जमा कराने को कहा, ताकि कार्य में तेजी लाई जा सके।
उन्होंने सभी विभागों को अगली समीक्षा बैठक से पहले लंबित मामलों का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनपद के विकास और जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार, पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता वीरेंद्र सिंह, ग्रामीण निर्माण विभाग के अभियंता बी.एम. आर्या, नगर पालिका लोहाघाट के अधिशासी अधिकारी सौरभ नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।










