Time 24×7Tak
अंतिम दिन 358 मरीजों का हुआ परीक्षण, जांच के साथ आयुष्मान कार्ड और एबीएचए आईडी बनाने की सुविधा भी मिली
पिथौरागढ़👉 कनालीछीना के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवा पखवाड़े के तहत आयोजित तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का मंगलवार को सफल समापन हो गया। 9 से 11 अगस्त तक आयोजित शिविर में कुल 1,022 मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ उठाया। अंतिम दिन 358 मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.एस. चुफाल के निर्देशन और प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशांत धानिक के नेतृत्व में आयोजित शिविर में पहले दिन 373, दूसरे दिन 291 और अंतिम दिन 358 मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को निःशुल्क परामर्श, आवश्यक जांच और उपचार की सुविधा दी।
शिविर में सामान्य ओपीडी के अलावा आयुष्मान भारत, एबीएचए, गैर संचारी रोग (एनसीडी), टीबी उन्मूलन, टीकाकरण और आयुष सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ परामर्श और जांच की सुविधा मिल सकी।
अंतिम दिन एनसीडी स्क्रीनिंग के तहत 33 लोगों की जांच की गई, जबकि टीबी स्क्रीनिंग में 83 लोगों की जांच हुई। चार स्पुटम और आठ ट्रूनेट जांच भी की गईं। इसके अलावा 18 रक्त जांच, 83 एक्स-रे और तीन ईसीजी किए गए। पात्र लाभार्थियों के 10 आयुष्मान कार्ड और 45 एबीएचए आईडी बनाए गए। चार लोगों का एचपीवी टीकाकरण भी किया गया। एक निक्षय मित्र लाभार्थी को भी कार्यक्रम से जोड़ा गया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ही विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं और आवश्यक जांच उपलब्ध कराना है। तीन दिनों में 1,022 लोगों का लाभान्वित होना क्षेत्र में इस तरह की स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता को दर्शाता है।
शिविर के सफल आयोजन में विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों, पैरामेडिकल स्टाफ और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कनालीछीना के स्वास्थ्य कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विभाग ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे।










