✍️चंपावत जिले के चार नगर निकायों में मनोनीत सदस्यों ने ली शपथ, जनसेवा और विकास का लिया संकल्प👉

✍️चंपावत जिले के चार नगर निकायों में मनोनीत सदस्यों ने ली शपथ, जनसेवा और विकास का लिया संकल्प👉

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

Time 24×7Tak

चम्पावत UK 
चम्पावत, 27 जुलाई👉 जनपद चंपावत के नगर पालिका परिषद चंपावत, लोहाघाट, टनकपुर तथा नगर पंचायत बनबसा में सोमवार को शासन द्वारा मनोनीत सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। संबंधित नगर निकायों के सभागारों में आयोजित कार्यक्रमों में अधिकारियों ने सभी नव-मनोनीत सदस्यों को पद, गोपनीयता एवं राजनिष्ठा की शपथ दिलाई।
चंपावत में एसडीएम बी.सी. पंत, लोहाघाट में एसडीएम नीतू डांगर तथा टनकपुर और बनबसा में एसडीएम प्रमोद कुमार ने शासन द्वारा नामित सदस्यों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने नव-मनोनीत सदस्यों को बधाई देते हुए उनसे जनहित और विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।
शपथ ग्रहण के बाद सभी सदस्यों ने निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ जनता की समस्याओं के समाधान, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा विकास योजनाओं को गति देने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि वे निर्वाचित सभासदों और आम नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित कर नगरों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करेंगे।
नगर पालिका चंपावत में जगदीश चंद्र पनेरु, गौरव पांडे, पुष्पा ओझा और प्रकाश नाथ ने शपथ ली। नगर पालिका लोहाघाट में जीवन गहतोड़ी, केदार सिंह बोहरा और सरोज जोशी ने पदभार ग्रहण किया। नगर पालिका टनकपुर में रीता कलखुड़िया, निगम गुप्ता, धर्मपाल आर्य और मुकेश साहू ने शपथ ली, जबकि नगर पंचायत बनबसा में प्रेम सिंह रावत, दिगंबर पांडे, उम्मेद सिंह नेगी और हर्षित गोयल ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।
समारोह में संबंधित नगर निकायों के अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि नव-मनोनीत सदस्य अपने अनुभव और सहभागिता से नगर निकायों के विकास तथा जनहित के कार्यों को नई गति प्रदान करेंगे।,


ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें
error: Content is protected !!