
Time 24×7Tak
चम्पावत UK लोहाघाट👉शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और रचनात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने वाले मंच ‘शैक्षिक नवाचारी संवाद’ (EIC) ने डायट लोहाघाट के व्याख्याता डॉ. कमल गहतोड़ी के रचनात्मक अभियान ‘मेरी कलम मेरी पहचान’ को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर विशेष स्थान दिया है। इस पहल के जरिए शिक्षकों और विद्यार्थियों की लेखन प्रतिभा को व्यापक डिजिटल मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
EIC पोर्टल पर अब ‘मेरी कलम मेरी पहचान’ अभियान से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों, लेखों और उत्कृष्ट रचनाओं को एक ही मंच पर देखा जा सकेगा। इससे पोर्टल से जुड़े शिक्षक, शिक्षाविद और छात्र-छात्राएं अभियान की रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ सकेंगे। खासतौर पर पर्वतीय और ग्रामीण क्षेत्रों में लिखने वाले रचनाकारों को अपनी प्रतिभा सामने रखने के लिए बेहतर मंच मिलने की उम्मीद है।
इस सहभागिता पर अभियान के सूत्रधार डॉ. कमल गहतोड़ी ने ‘शैक्षिक नवाचारी संवाद’ उत्तराखंड के संस्थापक एवं संचालक शंकर सिंह अधिकारी, सहायक अध्यापक राजकीय प्राथमिक विद्यालय पाटन पाटनी, का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शंकर सिंह अधिकारी के निरंतर प्रयासों और सहयोग से दोनों रचनात्मक मंचों को एक साथ जोड़ने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि EIC के डिजिटल मंच पर ‘मेरी कलम मेरी पहचान’ को स्थान मिलने से अभियान को नई पहचान और व्यापक पहुंच मिलेगी। साथ ही दोनों मंचों के माध्यम से शैक्षिक विचारों, लेखन और साहित्यिक रचनाओं का आदान-प्रदान भी और अधिक प्रभावी हो सकेगा।
अभियान का विशेष सेक्शन पोर्टल पर लाइव कर दिया गया है। इसे shaikshiknavacharisamvad.in पर देखा जा सकता है।










