✍️नौकरी छोड़ी, सेब से लिखी सफलता की कहानी, ‘एप्पल मैन’ बने मनोज खड़ायत👉

✍️नौकरी छोड़ी, सेब से लिखी सफलता की कहानी, ‘एप्पल मैन’ बने मनोज खड़ायत👉

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

सिंतोली के युवा किसान ने 10 नाली में तैयार किया आधुनिक सेब बागान, 500 पौधों से दूसरे किसानों को भी दे रहे स्वरोजगार

Time 24×7Tak

पिथौरागढ़ UK 
पिथौरागढ़👉 निजी नौकरी छोड़कर खेती को करियर बनाना आसान नहीं होता, लेकिन नाकोट क्षेत्र के सिंतोली (धूरा तोक) निवासी युवा किसान मनोज खड़ायत ने यह चुनौती स्वीकार कर आज पूरे क्षेत्र में ‘एप्पल मैन’ के रूप में पहचान बनाई है। आधुनिक तकनीक से सेब की खेती कर वे न केवल बेहतर आमदनी अर्जित कर रहे हैं, बल्कि स्थानीय किसानों को पौधे उपलब्ध कराकर बागवानी के लिए प्रेरित भी कर रहे हैं।
करीब दस वर्ष पहले मनोज ने खेती की शुरुआत सब्जी उत्पादन से की थी। सात-आठ वर्षों तक उन्होंने सब्जियां उगाईं, लेकिन सड़क और बाजार की सुविधा नहीं होने से उत्पाद बेचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बढ़ती परिवहन लागत और विपणन की समस्याओं के चलते उन्होंने सब्जी खेती छोड़कर बागवानी का रास्ता चुना।
वर्ष 2016 में आधुनिक सेब उत्पादन का प्रशिक्षण लेने के बाद उन्होंने हिमाचल प्रदेश और चाफी स्थित इंडो डच नर्सरी से डिलीशियस और गाला प्रजाति के पौधे मंगवाकर बगीचा तैयार किया। वर्तमान में उनकी 10 नाली भूमि में करीब 500 सेब के पौधे हैं, जिनमें से लगभग 200 पेड़ फल देने लगे हैं। इस वर्ष उनके बगीचे से 5 से 6 क्विंटल सेब उत्पादन का अनुमान है।
इन दिनों उनके बगीचे में सेब की तुड़ाई जारी है। स्थानीय लोग सीधे बगीचे पहुंचकर ताजे सेब खरीद रहे हैं। डिलीशियस किस्म के सेब 200 से 250 रुपये प्रति किलोग्राम तथा गाला किस्म 300 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिक रही है।
मनोज अब स्वयं सेब के पौधे भी तैयार कर रहे हैं और क्षेत्र के किसानों को उपलब्ध करा रहे हैं। इसके साथ ही वे प्लम (आलूबुखारा), खुमानी, अखरोट और पर्सिमन जैसी विदेशी स्टोन फ्रूट प्रजातियों पर भी काम कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि बगीचे तक सड़क सुविधा उपलब्ध हो जाए तो परिवहन आसान होगा और किसानों को बेहतर बाजार व अधिक लाभ मिल सकेगा।
मनोज खड़ायत का कहना है कि “पहाड़ में अवसरों की कमी नहीं है, जरूरत केवल सही तकनीक, धैर्य और मेहनत की है। वैज्ञानिक बागवानी अपनाकर युवा न केवल अच्छी आय अर्जित कर सकते हैं, बल्कि पलायन रोकने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।”


ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें
error: Content is protected !!