Time 24×7Tak
खटीमा UK खटीमा👉 27 जुलाई। हरेला महोत्सव पखवाड़े के तहत सेवा संकल्प फाउंडेशन की ओर से ग्राम पंचायत बंडिया में वृक्षारोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम फाउंडेशन की ट्रस्टी श्रीमती गीता धामी के निर्देशन में संपन्न हुआ, जिसमें जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए गीता धामी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सके।
ग्राम प्रधान सोमनाथ मौर्य ने सेवा संकल्प फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए सभी ग्रामीणों से कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी सुरक्षा का संकल्प लेने की अपील की।
कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर से आए डॉ. अजय प्रभाकर ने कहा कि सेवा संकल्प फाउंडेशन समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में लगातार उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि हरेला पखवाड़े के तहत चलाया जा रहा यह अभियान प्रकृति संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने का सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए तथा सैकड़ों ग्रामीणों को निःशुल्क पौधों का वितरण किया गया। उपस्थित लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें पूर्ण विकसित करने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य सतीश राणा, उपप्रधान अमित चौहान, पूर्व मंडल अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ‘रिंकू’ सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।










