
Time 24×7Tak
उधर सिंह नगर UK नानकमत्ता 👉 मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अपराधमुक्त और नशामुक्त देवभूमि के संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में ऊधमसिंहनगर पुलिस लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। इसी क्रम में एसएसपी अजय गणपति की पहल पर नानकसागर डैम के पार बिसोटा गांव में नवीन पुलिस चौकी का शुभारंभ किया गया। दुर्गम एवं भौगोलिक रूप से अलग-थलग इस क्षेत्र में पुलिस चौकी की स्थापना को अपराध और नशा तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
एसएसपी अजय गणपति स्वयं डैम पार पहुंचकर नवीन पुलिस चौकी के शुभारंभ में शामिल हुए। उनके क्षेत्र में पहुंचने से स्थानीय ग्रामीणों में भी सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा। नई चौकी के अस्तित्व में आने से क्षेत्र में 24 घंटे पुलिस निगरानी के साथ नियमित गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर चेकिंग को और प्रभावी बनाया जा सकेगा।
पुलिस के अनुसार, नानकसागर डैम के पार स्थित क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों का लाभ उठाकर नशा तस्करों और अपराधियों द्वारा गतिविधियां संचालित किए जाने की आशंका रहती है। ऐसे में नवीन चौकी की स्थापना तस्करों की सप्लाई चेन पर प्रभावी प्रहार के साथ ही अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने में अहम भूमिका निभाएगी।
एसएसपी अजय गणपति ने क्षेत्रवासियों से नशे के कारोबार, तस्करी अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘नशामुक्त एवं अपराधमुक्त देवभूमि’ के विजन को आगे बढ़ाते हुए ऊधमसिंहनगर पुलिस की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ आमजन में विश्वास बढ़ाने वाली साबित हो रही है। पुलिस की सक्रियता से जहां अपराधियों में खौफ का माहौल बनेगा, वहीं क्षेत्रवासियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।










