
Time 24×7Tak
चम्पावत UK चम्पावत👉 जिले में कानाकोट के पास एंबुलेंस को रास्ता देने के दौरान एक कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक विद्युत कर्मी कमल सिंह (52) पुत्र रघुवर सिंह और बिहार निवासी राजमिस्त्री बबलू चौधरी (38) पुत्र गंगा चौधरी की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार कार संख्या UK04 R 6677 कानाकोट से लोहाघाट की ओर आ रही थी। इसी दौरान चालक एंबुलेंस को पास देने लगा, तभी कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और करीब 150 मीटर गहरी खाई में उतरकर दोनों को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद दोनों को लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी ने बताया कि दोनों को अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। हादसे की सूचना पर जिला पंचायत सदस्य अशोक महरा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि एंबुलेंस को रास्ता देने के दौरान यह दुर्घटना हुई।
बताया गया है कि मृतक कमल सिंह ऊधम सिंह नगर जिले के लोहियाहेड पावर हाउस में विद्युत कर्मी के पद पर कार्यरत थे। उनके भवन निर्माण का कार्य चल रहा था और इसी सिलसिले में निर्माण सामग्री लेने के लिए वह राजमिस्त्री बबलू चौधरी के साथ लोहाघाट की ओर जा रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही जिला पंचायत अध्यक्ष चंपावत आनंद सिंह अधिकारी, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल और पूर्व शिक्षक नेता गोविंद सिंह बोरा समेत कई लोग अस्पताल पहुंचे और घटना पर गहरा दुख जताया। एसडीएम लोहाघाट नीतू डांगर, पुलिस तथा राजस्व उप निरीक्षक ऋषभ कुमार ने भी अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया गया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, ग्रामीणों ने सड़क किनारे सुरक्षा की दृष्टि से क्रैश बैरियर लगाए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।










