
गंदगी और नियमों की अनदेखी पर किया चालान, सभी मांस विक्रेताओं को सख्त हिदायत
Time 24×7Tak
पिथौरागढ़ UK
बेरीनाग👉हल्द्वानी से बड़ी मात्रा में कटा हुआ मांस बेरीनाग पहुंचने के मामले के बाद मचे आक्रोश को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को नगर में मांस की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान दुकानों में स्वच्छता, लाइसेंस और मांस बिक्री से जुड़े नियमों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान एक मांस विक्रेता की दुकान में गंदगी पाए जाने और निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने पर विभाग ने चालान की कार्रवाई करते हुए दुकान को एक माह के लिए बंद करने के निर्देश दिए। कार्रवाई के बाद अन्य मांस विक्रेताओं में भी हड़कंप की स्थिति रही।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने सभी मांस विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि बकरा-बकरी का वध करने से पहले पशु चिकित्सालय में उनका स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य रूप से कराया जाए। परीक्षण के बाद ही पशु का वध कर मांस की बिक्री की जाए। निरीक्षण के दौरान पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील गिरी की मौजूदगी में बकरियों और मुर्गियों का परीक्षण भी किया गया।
राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों के साथ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। विभाग की ओर से समय-समय पर मांस की दुकानों का औचक निरीक्षण जारी रहेगा। यदि कोई विक्रेता नियमों को ताक पर रखकर बाहर से कटा हुआ मांस मंगाकर बेचता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश रावत ने खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई का स्वागत करते हुए नगर क्षेत्र की सभी मांस की दुकानों का नियमित और औचक निरीक्षण किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान व्यापार संघ के जिला उपाध्यक्ष कमलेश पंत, उपाध्यक्ष कमल खाती, सचिव अमित सस्ते, भगवान कार्की, भाजपा नेता मनीष पंत, व्यापारी नेता हिमांशु मियांन, प्रमोद उप्रेती सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे। नगरपालिका की टीम भी कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद रही।










