
एसपी रेखा यादव की पहल से पुलिस लाइन में सजा संस्कृति और उमंग का रंग
चम्पावत UK चम्पावत 👉 चम्पावत पुलिस लाइन में हरियाली तीज के अवसर पर रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस परिवार की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन में पारंपरिक संस्कृति, आपसी सौहार्द और मनोरंजन का खूबसूरत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान नृत्य, रैम्प वॉक और क्विज प्रतियोगिता सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर आयोजन को यादगार बना दिया। प्रतिभागियों के उत्साह और प्रतिभा ने उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरीं।
प्रतियोगिता में शोभा जोशी को ‘तीज क्वीन’ चुना गया। उन्हें सम्मानित कर उनकी प्रतिभा और उत्साह की सराहना की गई।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने पुलिस परिवार की महिलाओं को हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के बीच आपसी जुड़ाव, सौहार्द और सकारात्मक माहौल को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था और सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस परिवार के सदस्यों के उत्साह और कल्याण का भी विशेष ध्यान रखा जाना जरूरी है।
एसपी रेखा यादव की इस पहल की पुलिस परिवार की महिलाओं ने सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा करने का अवसर देते हैं।
हरियाली तीज का यह आयोजन परंपरा, प्रतिभा और पारिवारिक सौहार्द का संदेश देते हुए पुलिस परिवार के लिए यादगार बन गया।










