Time 24×7Tak
पिथौरागढ़ UK
बेरीनाग। पवित्र श्री कैलाश मानसरोवर यात्रा से लौटे तीसरे दल का सोमवार को चौकोड़ी स्थित पर्यटक आवास गृह में पारंपरिक कुमाऊनी रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया गया। पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक दीपक पंत के नेतृत्व में कर्मचारियों, स्थानीय महिलाओं और स्कूली बच्चों ने यात्रियों का फूलमालाओं से स्वागत किया तथा पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक कुमाऊनी वेशभूषा में शिव भजनों और कुमाऊनी चांचरी की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर यात्रियों का स्वागत किया। लोक संस्कृति की इस झलक से कैलाश यात्रियों ने खुशी जताई और आयोजकों के प्रयासों की सराहना की।
यात्रियों ने चौकोड़ी में मिले आत्मीय स्वागत के लिए पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक दीपक पंत एवं समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में दीप पपनै, भीम सिंह, कूपर, रवीन्द्र अधिकारी, लाल सिंह, धन सिंह, प्रकाश राम सहित कई लोग उपस्थित रहे।










