
Time 24×7Tak
चम्पावत UK चम्पावत 👉 नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत चम्पावत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 396 ग्राम अवैध चरस के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 10 अगस्त को क्षेत्राधिकारी चम्पावत देवेंद्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण में एसओजी और कोतवाली चम्पावत पुलिस की संयुक्त टीम ने टनकपुर-पिथौरागढ़ मुख्य मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया।
बनलेख से करीब 200 मीटर पहले चेकिंग के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल संख्या यूके06बीएच-2561 को रोककर तलाशी ली। तलाशी में बाइक सवार के कब्जे से 396 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राम सिंह कैड़ा (45), पुत्र अमर सिंह कैड़ा, निवासी विहिगिधौर, थाना नानकमत्ता, ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली चम्पावत में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही आमजन से मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त या तस्करी की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है। सूचना 112 या मानस हेल्पलाइन 1933 पर दी जा सकती है। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।










