
Time 24×7Tak
चम्पावत UK. टनकपुर👉सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत, लगन और निरंतर अध्ययन के दम पर ग्राम बरसिया की बेटी हिमानी विश्वकर्मा ने एमबीबीएस में चयन हासिल कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। स्टेट कोटे के तहत उनका चयन राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में हुआ है। खास उपलब्धि यह है कि पहली ही काउंसलिंग में हिमानी को उनकी पसंद का मेडिकल कॉलेज मिल गया।
किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली हिमानी के पिता हरीश प्रसाद विश्वकर्मा कृषि कार्य करते हैं, जबकि उनकी माता आशा देवी हैं। सामान्य पारिवारिक परिस्थितियों के बीच हिमानी ने मेहनत और पढ़ाई के प्रति समर्पण को अपनी ताकत बनाया और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में यह महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया।
हिमानी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा एमडीएम एजुकेशनल एकेडमी टनकपुर से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय चंपावत से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। डॉक्टर बनने के लक्ष्य को लेकर उन्होंने पुणे, महाराष्ट्र स्थित दक्षिणा फाउंडेशन से एक वर्ष तक कोचिंग ली और कठिन परिश्रम जारी रखा।
एमबीबीएस में राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में प्रवेश मिलने के साथ ही हिमानी ने अपने परिवार के साथ-साथ बरसिया और पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। उनकी सफलता ने यह साबित किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति, निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ सामान्य परिवारों के बच्चे भी बड़े सपनों को साकार कर सकते हैं।
हिमानी की उपलब्धि पर परिजनों, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। हिमानी का लक्ष्य चिकित्सा शिक्षा पूरी कर एक सफल चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करना है।










