
Time 24×7Tak
चम्पावत UK टनकपुर👉 नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत STF की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कुमाऊं यूनिट और कोतवाली टनकपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 244.06 ग्राम MDMA के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, STF को तकनीकी निगरानी और मैनुअल इनपुट के जरिए टनकपुर क्षेत्र में MDMA की तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए रुद्रपुर निवासी इमरान, आशीष और अभिषेक को दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 244.06 ग्राम MDMA और तस्करी में प्रयुक्त TVS मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वर्ष 2026 में उत्तराखंड में यह अब तक की बड़ी MDMA बरामदगियों में से एक है। गिरफ्तारी के बाद STF आरोपियों से पूछताछ कर रही है। टीम नशे की सप्लाई से जुड़े आगे और पीछे के नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है, ताकि तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।
कार्रवाई में STF एंटी नारकोटिक्स टीम के निरीक्षक पावन स्वरूप, उपनिरीक्षक विपिन जोशी, विनोद जोशी व जगदीप नेगी, हेड कांस्टेबल किशोर कुमार, वीरेंद्र चौहान और आरक्षी इसरार अहमद शामिल रहे। वहीं टनकपुर कोतवाली पुलिस टीम में निरीक्षक चेतन रावत, उपनिरीक्षक जितेंद्र बिष्ट और हेड कांस्टेबल कमल कुमार शामिल रहे।










