Time 24×7Tak
हरिद्वार UK हरिद्वार 👉आगामी कांवड़ मेले को लेकर उत्तराखंड सरकार और प्रशासन पूरी तरह तैयारियों में जुटा हुआ है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार पहुंचकर कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड और मां गंगा की पावन नगरी हरिद्वार में आने वाले सभी शिवभक्त कांवड़ियों का राज्य सरकार हृदय से स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित, दिव्य और भव्य बनाना है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक के दौरान गंगा कॉरिडोर से जुड़ी तीन महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि हरिद्वार विश्व के प्रमुख आध्यात्मिक केंद्रों में से एक है और भविष्य में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए दूरदर्शी योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, वहीं व्यापार, पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी नई गति मिलेगी।
डीजे और साउंड सिस्टम पर प्रतिबंध के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पिछले वर्ष लागू की गई व्यवस्था इस वर्ष भी यथावत रहेगी। वहीं कांवड़ मार्ग पर दुकानदारों के सत्यापन और पहचान पत्र के संबंध में उन्होंने कहा की सभी व्यापारियों का पंजीकरण एवं पहचान अनिवार्य है। उन्होंने दोहराया की यात्रा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की गंदगी, खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा संदिग्ध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन को इस संबंध में सतर्क एवं सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से इस वर्ष की कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न होगी।










