Time 24×7Tak
चम्पावत UK
चम्पावत👉 जिले में जारी रेड अलर्ट के बीच जिला प्रशासन, पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। टनकपुर कोतवाली क्षेत्र के बस्तिया के पास छोटी पुलिया के समीप एक कार अनियंत्रित होकर करीब 5 से 10 फीट गहरी खाई में गिर गई। संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर कार में सवार चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि DL12 DA 1423 नंबर की कार खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही जिला आपदा कंट्रोल रूम ने तत्काल कोतवाली टनकपुर पुलिस, फायर स्टेशन, एसडीआरएफ तथा 108 एम्बुलेंस सेवा को घटनास्थल के लिए रवाना किया।
मौके पर पहुंची संयुक्त टीम ने बिना देर किए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और कार में फंसे चारों लोगों को सुरक्षित निकालकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि रेड अलर्ट के मद्देनज़र जनपद का आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह सतर्क है। जिला आपदा कंट्रोल रूम 24 घंटे निगरानी कर रहा है और किसी भी आपात सूचना पर संबंधित विभागों द्वारा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जा रहे हैं।










