
Time 24×7Tak
पिथौरागढ़ UK पिथौरागढ़👉 पुलिस कार्यालय में बुधवार को पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा बैठक एवं पुलिस सम्मेलन आयोजित किया गया। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध की स्थिति, लंबित मामलों की विवेचना तथा आमजन से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के साथ ही डिजिटल माध्यमों के बेहतर इस्तेमाल के निर्देश दिए। उन्होंने ई-साक्ष्य, ई-सम्मन, सीसीटीएनएस और ई-एफआईआर से संबंधित कार्यों में तेजी लाने तथा इन व्यवस्थाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण के लिए बीट पुलिसिंग को मजबूत करने और ग्राम चौकीदारों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया। अवैध भांग की खेती के खिलाफ अभियान चलाकर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने पुलिस कर्मियों की व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध तरीके से समाधान करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर पुलिसिंग के लिए कर्मचारियों का मनोबल और कार्यक्षमता बनाए रखना आवश्यक है।
इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले उपनिरीक्षक जितेंद्र सौराड़ी, कांस्टेबल जगदीश चंद्र, कांस्टेबल संतोष कुमार और कांस्टेबल भावेश तिवारी को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बैठक में क्षेत्राधिकारी गोविंद बल्लभ जोशी, क्षेत्राधिकारी उमेश मलिक सहित जनपद के सभी थाना, चौकी एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे।










