
Time 24×7Tak
चम्पावत UK. चम्पावत👉 सीमांत जनपद चम्पावत के पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल सकारात्मक परिणाम की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है। मुख्यमंत्री के अनुरोध पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चम्पावत में ईसीएचएस (भूतपूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना) पॉलीक्लिनिक की स्थापना के प्रस्ताव पर उचित विचार किए जाने का आश्वासन दिया है।
मुख्यमंत्री धामी ने पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को देखते हुए केंद्रीय रक्षा मंत्री के समक्ष चम्पावत में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक स्थापित करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद रक्षा मंत्रालय स्तर पर प्रस्ताव की जांच की गई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया कि ईसीएचएस के केंद्रीय संगठन को चम्पावत में पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की स्वास्थ्य आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए ‘टाइप डी’ पॉलीक्लिनिक स्थापित करने का प्रस्ताव प्राप्त हुआ है। प्रस्ताव पर उचित विचार किया जाएगा।
स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी स्वास्थ्य सुविधा
चम्पावत जैसे सीमांत जिले में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और उनके परिवार निवास करते हैं। वर्तमान में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए उन्हें कई बार दूरस्थ क्षेत्रों का रुख करना पड़ता है। ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक की स्थापना होने से पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा इस मांग को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने और लगातार पैरवी किए जाने से पूर्व सैनिकों में उम्मीद जगी है। रक्षा मंत्रालय की ओर से प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख सामने आने को मुख्यमंत्री की पहल की महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। इससे चम्पावत के पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने का रास्ता साफ होने की संभावना बढ़ गई है।










