Time 24×7Tak पिथौरागढ़ से संवाददाता की खास रिपोर्ट
पिथौरागढ़ UK पिथौरागढ़👉जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसओजी टीम ने लिन्ठ्यूड़ा क्षेत्र से 22 वर्षीय युवक को 3.20 ग्राम स्मैक (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह बरेली से स्मैक खरीदकर लाता था, खुद भी नशा करता था और खर्च निकालने के लिए युवाओं को भी बेचता था।
एसओजी प्रभारी निरीक्षक नीरज भाकुनी के नेतृत्व में टीम बुधवार को घण्टाकरण-लिन्ठ्यूड़ा क्षेत्र में गश्त और सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध युवक की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 3.20 ग्राम स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आजम अंसारी (22 वर्ष), निवासी लिन्ठ्यूड़ा, पिथौरागढ़ के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली पिथौरागढ़ में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लंबे समय से नशे का आदी है और बरेली से स्मैक लाकर खुद सेवन करने के साथ अन्य लोगों को भी बेचता था।
पुलिस अब आरोपी के जरिए जिले में सक्रिय नशा तस्करी के नेटवर्क और सप्लायरों की तलाश में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले प्रत्येक आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में एसओजी प्रभारी निरीक्षक नीरज भाकुनी, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, कांस्टेबल गोविन्द रौतेला, कांस्टेबल सतेन्द्र सुयाल और कांस्टेबल सोनू कार्की शामिल रहे।
पुलिस की अपील: यदि आपके आसपास कहीं भी नशे का कारोबार संचालित हो रहा है तो इसकी सूचना मानस हेल्पलाइन 1933 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।










