
अवैध शराब के खिलाफ आबकारी टीम की ताबड़तोड़ कार्रवाई, देशी भुडिया में दबिश देकर पकड़ी कच्ची शराब
Time 24×7Tak
खटीमा, 22 अगस्त। अवैध मादक पदार्थों के निर्माण और कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। आबकारी आयुक्त के निर्देश और जिला आबकारी अधिकारी, ऊधमसिंहनगर के निर्देशन में क्षेत्र-2 खटीमा की टीम ने देशी भुडिया क्षेत्र में दबिश देकर करीब 19 लीटर कच्ची शराब बरामद की।
कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम ने बलवीर सिंह पुत्र मेहर सिंह, निवासी देशी भुडिया, खटीमा को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से कुल 46 पाउचों में कच्ची शराब बरामद हुई, जिसमें 30 पाउच 500 एमएल तथा 16 पाउच 250 एमएल के शामिल हैं।
आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अवैध शराब के खिलाफ विभाग की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आबकारी टीम द्वारा लगातार की जा रही दबिशों से अवैध शराब का कारोबार करने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
पूरी कार्रवाई आबकारी निरीक्षक बृजेश जोशी के नेतृत्व में की गई, जिसमें खटीमा क्षेत्र का समस्त आबकारी स्टाफ शामिल रहा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
आबकारी विभाग की सक्रियता से अवैध शराब कारोबारियों पर शिकंजा कसता नजर आ रहा है।










