
Time 24×7Tak
चम्पावत UK देवीधुरा👉प्रसिद्ध बाराही धाम देवीधुरा में 23 अगस्त से शुरू होने वाले 13 दिवसीय बग्वाल मेले को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मेला क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर पुलिस की निगरानी रहेगी। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी, महिला जवान और CCTV कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में मेले की सुरक्षा का व्यापक प्लान तैयार किया गया है। एसपी ने स्पष्ट किया है कि मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को अतिथि की तरह सम्मान और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। उनकी संवेदनशील कार्यशैली और बेहतर पुलिस प्रबंधन की स्थानीय स्तर पर सराहना हो रही है।
मेले को चार सेक्टरों में विभाजित कर प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है। मंदिर परिसर और मुख्य बाजार को अति संवेदनशील क्षेत्र मानते हुए यहां विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। बाजार क्षेत्र में यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
पूरे मेला क्षेत्र को CCTV कैमरों से कवर किया जाएगा। इसके साथ ही एंटी-सबोटाज चेकिंग, वाहन चेकिंग और फ्रिस्किंग अभियान चलाया जाएगा। सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मी संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखेंगे। बाहर से आने वाले व्यापारियों का सत्यापन भी किया जा रहा है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए करीब आधा दर्जन स्थानों के अलावा सड़क के ऊपर और नीचे उपलब्ध स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। भीड़भाड़ वाले चौराहों पर यातायात पुलिस की तैनाती रहेगी। पुलिस और पीएसी के पर्याप्त जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
एसपी रेखा यादव ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए हैं कि श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उन्हें सुरक्षित व सुखद मेले का अनुभव मिले। उन्होंने कहा कि भले ही श्रद्धालुओं को हर जगह खाकी वर्दी नजर न आए, लेकिन पुलिस की निगाह मेला क्षेत्र के हर हिस्से पर रहेगी।










