
Time 24×7Tak
चम्पावत UK चम्पावत 👉 फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रियल सर्विसेज एसोसिएशन के बैनर तले विभिन्न विभागों के मिनिस्ट्रियल कार्मिकों का आंदोलन शुक्रवार को भी जारी रहा। विकास भवन में मुख्य कृषि कार्यालय एवं अर्थ एवं संख्या अधिकारी कार्यालय के प्रवेश द्वार पर कार्मिकों ने गेट मीटिंग कर अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की।
जनपदीय अध्यक्ष विनोद कुमार की अध्यक्षता और सचिव जीवन चंद्र ओली के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में कार्मिकों ने 12 सूत्री मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई। प्रमुख मांगों में कनिष्ठ सहायक पद का ग्रेड वेतन 2800 रुपये किए जाने, प्रधान सहायक व प्रशासनिक अधिकारी पदों के उच्चीकरण तथा उपनिदेशक (प्रशासन) के लिए 6600 रुपये ग्रेड वेतन और लेवल-11 के पद सृजित किए जाने की मांग शामिल है।
वक्ताओं ने कहा कि मांगों को लेकर संगठन के प्रांतीय पदाधिकारियों की शासन स्तर पर कई बार वार्ता हो चुकी है और कई बिंदुओं पर सहमति भी बनी थी, लेकिन अब तक शासनादेश जारी नहीं किए गए हैं। कार्मिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने जनपद स्तर की समस्याओं पर विचार कर समाधान का आश्वासन दिया।
कार्मिकों ने कहा कि मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से आंदोलन को और तेज करने की जरूरत है। उन्होंने सभी मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों से संगठन के रोस्टर के अनुसार आंदोलन में अधिक से अधिक भागीदारी करने का आह्वान किया। चम्पावत के अलावा लोहाघाट, पाटी, बाराकोट, टनकपुर और बनबसा में भी गेट मीटिंग आयोजित की गई।
इस दौरान उत्तरांचल (पर्वतीय) कर्मचारी शिक्षक संगठन के जिलाध्यक्ष नागेंद्र जोशी, सुरेंद्र सौंन, एलएम चतुर्वेदी, कैलाश नाथ महंत, खीम सिंह बिष्ट, हिमांशु मुरारी, मिंटू राणा, लोचन त्रिपाठी सहित विकास भवन के विभिन्न विभागों के मिनिस्ट्रियल कार्मिक मौजूद रहे।










