म्यूल अकाउंट के खिलाफ चम्पावत पुलिस का जागरूकता अभियान, एसपी रेखा यादव की पहल की सराहना

म्यूल अकाउंट के खिलाफ चम्पावत पुलिस का जागरूकता अभियान, एसपी रेखा यादव की पहल की सराहना

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

चम्पावत UK                                                         चम्पावत👉साइबर ठगी पर प्रभावी अंकुश लगाने और आम लोगों को साइबर अपराधियों के नए तौर-तरीकों से बचाने के लिए चम्पावत पुलिस ने बुधवार को म्यूल अकाउंट को लेकर विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान लोगों को बैंक खातों के दुरुपयोग और उससे होने वाली कानूनी व आर्थिक परेशानियों के प्रति सचेत किया गया।

पुलिस ने बताया कि म्यूल अकाउंट ऐसे बैंक खातों को कहा जाता है, जिनका इस्तेमाल साइबर अपराधी ठगी से हासिल रकम को प्राप्त करने, अन्य खातों में भेजने अथवा छिपाने के लिए करते हैं। अपराधी अक्सर लोगों को आसान कमाई, कमीशन या घर बैठे रोजगार का झांसा देकर उनके बैंक खाते इस्तेमाल करने के लिए तैयार करते हैं। शुरुआत में मामूली रकम का लालच दिया जाता है, लेकिन बाद में उसी खाते के जरिए साइबर ठगी की रकम का लेन-देन होने पर खाताधारक भी जांच के दायरे में आ सकता है।

अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों से स्पष्ट अपील की कि वे किसी भी व्यक्ति को किराए, कमीशन या लालच के बदले अपना बैंक खाता इस्तेमाल करने के लिए न दें। साथ ही एटीएम कार्ड, चेकबुक, पासबुक, यूपीआई आईडी, नेट बैंकिंग की जानकारी, ओटीपी, पिन, सीवीवी और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई।

पुलिस ने कहा कि अनजान व्यक्ति के कहने पर अपने खाते में रकम प्राप्त कर उसे दूसरे खाते में ट्रांसफर करना भी जोखिम भरा हो सकता है। लोगों को अपने बैंक खातों में होने वाले लेन-देन की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल बैंक और पुलिस को सूचना देने के लिए जागरूक किया गया।

एसपी की सक्रिय पहल से बढ़ रही साइबर जागरूकता

चम्पावत पुलिस की इस पहल की लोगों ने सराहना की। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में साइबर अपराधों के प्रति आमजन को लगातार जागरूक करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य केवल साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि लोगों को अपराध का शिकार बनने और अनजाने में अपराध की कड़ी का हिस्सा बनने से भी बचाना है।

पुलिस ने लोगों से अपील की कि कुछ रुपयों के लालच में अपना बैंक खाता किसी दूसरे व्यक्ति को न दें। खाता आपका है तो उसकी जिम्मेदारी भी आपकी है। परिवार और आसपास के लोगों को भी म्यूल अकाउंट के खतरे के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।


ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें
error: Content is protected !!