✍️SIR प्रक्रिया में मनमानी का आरोप, युवा कांग्रेस ने एसडीएम से की मुलाकात👉

✍️SIR प्रक्रिया में मनमानी का आरोप, युवा कांग्रेस ने एसडीएम से की मुलाकात👉

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

Time 24×7Tak

पिथौरागढ़ UK                                                    पिथौरागढ़👉 विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर आम लोगों को हो रही कथित परेशानियों के मुद्दे पर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव ऋषेन्द्र महर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रक्रिया के दौरान लोगों के सामने आ रही समस्याओं और आपत्तियों के संबंध में प्रशासन को अवगत कराया।

ऋषेन्द्र महर ने आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया के तहत कुछ स्थानों पर लोगों को अनावश्यक रूप से बार-बार परेशान किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि सामान्य वर्ग, अनुसूचित जाति और अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के नामों पर कथित रूप से राजनीतिक द्वेष के चलते आपत्तियां दर्ज कराए जाने की शिकायतें भी मिल रही हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।

महर ने कहा कि कुछ लोगों के नाम पर उनकी जानकारी के बिना आपत्तियां दर्ज किए जाने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने जानबूझकर गलत जानकारी देकर किसी अन्य नागरिक को परेशान करने का प्रयास किया है तो मामले की जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ के लिए जाति और धर्म के नाम पर समाज में विभाजन पैदा करने का प्रयास उचित नहीं है।

पूर्व छात्रसंघ सचिव विपिन जोशी ने बताया कि उनके पिता के नाम से विभिन्न जाति एवं धर्म के 10 से अधिक लोगों के खिलाफ आपत्तियां दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है, जबकि संबंधित लोगों को इसकी जानकारी तक नहीं थी। उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए जांच की मांग की।

इस दौरान पार्षद करन सिंह और पार्षद महेंद्र कुमार ने भी अपने-अपने वार्डों में SIR प्रक्रिया के दौरान लोगों को आ रही परेशानियों से उपजिलाधिकारी को अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि लोगों को बेवजह परेशान किया गया और गलत तरीके से आपत्तियां दर्ज कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वे शासन-प्रशासन के समक्ष आवाज उठाने के लिए बाध्य होंगे।

उपजिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम बिना उचित प्रक्रिया के नहीं हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के नाम को लेकर आपत्ति दर्ज हुई है, वे निर्धारित सुनवाई के दौरान अपनी जानकारी और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर सकते हैं। जांच एवं सुनवाई के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस मौके पर पूर्व छात्रसंघ सचिव विपिन जोशी, पार्षद करन सिंह, पार्षद महेंद्र कुमार और NSUI जिलाध्यक्ष निखिल ऐरी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।


ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें
error: Content is protected !!