Tume 24×7Tak


चम्पावतUK
चम्पावत 👉 जनपद से एक बेहद दुखद हादसे की खबर सामने आई है। शनिवार को ललुवापानी-बनलेख मार्ग पर किस्कोट और पल्सो के बीच एक युवक गहरी खाई में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नानकमत्ता निवासी लखविंदर सिंह (32) पुत्र तारा सिंह अपने साथियों के साथ विश्व प्रसिद्ध गुरुद्वारा श्री रीठा साहिब की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि बनलेख क्षेत्र के समीप उसने अपने साथियों को आगे भेज दिया और स्वयं कुछ देर के लिए सड़क किनारे बने पैराफिट पर बैठ गया। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। दुर्गम खाई में उतरकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला गया।
एसपी चम्पावत रेखा यादव ने बताया कि युवक रीठा साहिब जा रहा था। प्रथम दृष्टया मामला पैराफिट पर बैठने के दौरान संतुलन बिगड़ने का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चम्पावत मोर्चरी भेज दिया गया है तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
स्थानीय युवाओं ने भी रेस्क्यू अभियान में महत्वपूर्ण सहयोग किया। जानकारी के अनुसार मृतक नशे का आदी बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर सतर्कता बरतने की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। रीठा साहिब मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।








