✍️बनबसा में 37.82 लाख की लागत से बन रहा सैनिक स्मारक अंतिम चरण में, 99 प्रतिशत कार्य पूरा👉

✍️बनबसा में 37.82 लाख की लागत से बन रहा सैनिक स्मारक अंतिम चरण में, 99 प्रतिशत कार्य पूरा👉

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

Time 24×7Tak

62 शहीदों के नाम होंगे अंकित, जल्द जनता को समर्पित किया जाएगा स्मारक
चम्पावत 5 अगस्त👉 मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अनुरूप बनबसा में 37.82 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन सैनिक स्मारक का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। स्मारक का लगभग 99 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और अब केवल जनपद के वीर शहीदों के नाम स्मारक पर अंकित किए जाने का कार्य शेष है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है। बुधवार को जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह (सेवानिवृत्त), कैप्टन भानी चन्द (सेवानिवृत्त) तथा नगर पंचायत बनबसा के जूनियर इंजीनियर प्रकाश चंद ने निर्माणाधीन सैनिक स्मारक का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि चम्पावत जिले के 62 वीर शहीदों की प्रमाणित सूची नगर पंचायत बनबसा को उपलब्ध करा दी गई है। शीघ्र ही उनके नाम स्मारक पर उत्कीर्ण किए जाएंगे, जिसके बाद निर्माण कार्य पूर्ण हो जाएगा।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि यह स्मारक जनपद के वीर शहीदों के अदम्य साहस, बलिदान और राष्ट्रसेवा का प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि यह स्मारक केवल एक इमारत नहीं, बल्कि देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों को सच्ची श्रद्धांजलि है और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति व कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शेष कार्य निर्धारित समय में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि सैनिक स्मारक को जल्द ही जनसामान्य को समर्पित किया जा सके।


ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें
error: Content is protected !!