Time 24×7Tak
पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली; तमंचा, कारतूस, लूटा पर्स और नकदी बरामद
नानकमत्ता👉 नानकसागर डैम क्षेत्र में युवक के साथ लूट, मारपीट और अमानवीय कृत्य के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को नानकमत्ता पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम 6/7 अगस्त की रात वांछित आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (30) निवासी बेरीघाट, खटीमा की तलाश में गश्त और चेकिंग कर रही थी।
पुलिस के अनुसार, मच्छी झाला के समीप डैम बंधे पर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया गया। आरोपी ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और मोटरसाइकिल से भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर करीब दो किलोमीटर आगे गलाबाग के पास कच्चे रास्ते में उसे घेर लिया। मोटरसाइकिल फिसलने के बाद आरोपी पैदल झाड़ियों की ओर भागा और वहां से भी पुलिस टीम पर फायरिंग की।
पुलिस ने आरोपी को कई बार आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन फायरिंग जारी रहने पर पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में मौके से गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
दो साथियों के साथ मिलकर वारदात को दिया था अंजाम
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने दीपक सिंह निवासी झनकट और मनोज भाटिया निवासी बानूसी के साथ मिलकर 5 अगस्त को नानकसागर डैम क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट कर उसका पर्स और नकदी लूटने तथा उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य करने की बात स्वीकार की है। मामले में दोनों अन्य आरोपियों को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर चुकी है।
आरोपी की गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 109(1), 317(2), 3(5) बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।
यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, जीवित व खोखा कारतूस, लूटा गया पर्स, भारतीय व नेपाली मुद्रा, एटीएम कार्ड, मोबाइल खरीद का बिल, पासपोर्ट साइज फोटो और बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी से मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली है। पुलिस अब मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।










