Time 24×7Tak
पिथौरागढ़ UK पिथौरागढ़👉 मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेएस चुफाल ने कृषि विज्ञान केंद्र गैना के समीप स्थित हिग्रास नशा मुक्ति केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में तैनात कार्मिकों से उनके दायित्वों और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही उपचार सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने दवाओं के रखरखाव और उनके वितरण का रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मरीज को दवा देने से पहले उसकी जानकारी और सहमति से संबंधित कंसेंट फॉर्म अनिवार्य रूप से भरवाकर सुरक्षित रखा जाए। साथ ही मरीजों का माहवार रिकॉर्ड भी व्यवस्थित तरीके से तैयार किया जाए।
डॉ. चुफाल ने केंद्र में कार्यरत कार्मिकों की शैक्षिक योग्यता के प्रमाण पत्रों की अलग फाइल तैयार कर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मरीजों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
सीएमओ ने नारकोटिक्स और अन्य एलोपैथिक दवाओं को अलग-अलग सुरक्षित रखने तथा उनके स्टॉक का नियमित रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की मेमोरी क्षमता बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने केंद्र संचालक को निरीक्षण में मिली कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि मरीजों की सुरक्षा, उपचार और दवा प्रबंधन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए समय-समय पर औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।
निरीक्षण के दौरान जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. ललित भट्ट, जिला औषधि निरीक्षक पंकज पंत समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।










