Time 24×7Tak
चम्पावत UK चम्पावत 👉 जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लोहाघाट पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 1.490 किलोग्राम अवैध चरस के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल के नेतृत्व में देवीधार-पंचेश्वर रोड पर चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान यात्री शेड के पास यूके-03सी-8185 नंबर की पल्सर बाइक पर सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उनके कब्जे से 1.490 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आयुष चंद्र आर्य पुत्र स्व. चंद्र प्रकाश निवासी चंपावत तथा सौरभ टम्टा पुत्र दिनेश राम निवासी ग्राम नसखोला, लोहाघाट के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बरामद चरस स्थानीय स्तर पर तैयार की गई थी और उसे चंपावत के एक व्यक्ति को ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ले जाया जा रहा था।
एसपी रेखा यादव ने बताया कि मामले के फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक की जांच की जा रही है। नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास का भी पता लगाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में चंपावत पुलिस अब तक 5.215 किलोग्राम चरस, 903.6 ग्राम स्मैक, 3.728 किलोग्राम गांजा तथा बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन एवं कैप्सूल बरामद कर चुकी है। बरामद मादक पदार्थों का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग तीन करोड़ रुपये है। इसके अलावा जिले में सैकड़ों नाली भूमि पर उगाई गई अवैध चरस की खेती को भी नष्ट किया गया है।
एसपी ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त या तस्करी की सूचना मिले तो तत्काल मानस हेल्पलाइन 1933, डायल 112 अथवा नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।










