Time 24×7Tak पिथौरागढ़ संवाददाता की खास खबर
पिथौरागढ़ UK
डीडीहाट (बेरीनाग)👉 विधायक विशन सिंह चुफाल ने कहा कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने के लिए कम्प्यूटर शिक्षा का व्यापक प्रसार समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा के माध्यम से ही ग्रामीण अंचल के बच्चे भविष्य की प्रतिस्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज जौरासी में आयोजित समारोह के दौरान विधायक चुफाल ने बालकदेव फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा स्थापित आधुनिक कम्प्यूटर लैब, क्यान सिस्टम, स्मार्ट क्लास एवं पुस्तकालय का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से इन आधुनिक संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर तकनीकी ज्ञान अर्जित करने का आह्वान किया। उन्होंने फाउंडेशन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सहयोग से सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता और बेहतर होगी। बालकदेव फाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष शंकर सिंह भाटिया ने बताया कि सीएसआर मद से विद्यालय में अत्याधुनिक कम्प्यूटर लैब और पुस्तकालय स्थापित किए गए हैं। क्यान सिस्टम एवं स्मार्ट क्लास के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विधायक विशन सिंह चुफाल ने विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए कुर्सियों तथा स्मार्ट क्लास की व्यवस्था हेतु पांच लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की थी।
समारोह में मुस्कान सामाजिक उत्थान समिति के सचिव जगदीश कलौनी ने मर्म चिकित्सा के माध्यम से सामान्य एवं असाध्य रोगों के उपचार की जानकारी दी। उन्होंने छात्र-छात्राओं को गुड टच-बैड टच, बाल विवाह, बाल अपराध, दहेज उत्पीड़न, मोबाइल के दुरुपयोग तथा यौन अपराधों से बचाव के संबंध में भी जागरूक किया।
कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य आर.के. सिंह ने किया। इस अवसर पर अभिभावक-शिक्षक संघ के अध्यक्ष दीपक बोरा, प्रधान प्रतिनिधि दुर्लेख दीपक बोरा, प्रधान लीमा कुंदन सिंह भाटिया, बलवंत सिंह बोरा, जगत सिंह भाटिया सहित शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।










