Time24×7Tak


चम्पावत UK
चम्पावत उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकोस्ट) के तत्वावधान में चम्पावत स्थित महिला प्रौद्योगिकी केंद्र चम्पावत में महिला उद्यमियों के लिए आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम उत्साह और सफल सहभागिता के साथ सम्पन्न हो गया। 8 और 9 मई 2026 को आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में महिलाओं को स्वरोजगार से जुड़े विभिन्न व्यावहारिक हुनर सिखाए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ यूकोस्ट के प्रतिनिधि देवेंद्र सिंह द्वारा अतिथियों, विशेषज्ञों एवं प्रतिभागियों के स्वागत के साथ किया गया।
इस दौरान बताया गया कि प्रोफेसर दुर्गेश पंत के दिशा-निर्देशन में चम्पावत में महिला प्रौद्योगिकी केंद्र की स्थापना की गई है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाना है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में महिलाओं को मडुवे के बिस्कुट, सोयाबीन से तैयार विभिन्न खाद्य उत्पाद, धूपबत्ती निर्माण तथा साबुन बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। विशेषज्ञों ने महिलाओं को स्थानीय संसाधनों के उपयोग से स्वरोजगार के नए अवसर विकसित करने की जानकारी भी दी।
सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी ने कहा कि महिला प्रौद्योगिकी केंद्र लगातार महिलाओं के कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने महिलाओं से नियमित रूप से केंद्र में आकर अभ्यास करने तथा स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने की अपील की। प्रशिक्षण के दौरान डॉल्फिन संस्थान की टीम ने अरुण प्रकाश के नेतृत्व में प्रतिभागियों को उत्पाद निर्माण, गुणवत्ता नियंत्रण और विपणन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं। कार्यक्रम में यूकोस्ट के संतोष कुमार, अरुण पांडेय सहित चम्पावत जनपद के विभिन्न गांवों से आई महिला उद्यमियों ने प्रतिभाग कर प्रशिक्षण प्राप्त किया।








