
Time 24×7Tak
भारत-नेपाल
काठमांडू। भारतीय स्थल सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ ने नेपाल के प्रधानमंत्री एवं रक्षामंत्री बालेन्द्र शाह से शिष्टाचार मुलाकात की। सिंहदरवार स्थित प्रधानमंत्री तथा मंत्रिपरिषद कार्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान नेपाल के लिए भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।जनरल धीरज सेठ नेपाली सेना के प्रधान सेनापति अशोकराज सिग्देल के औपचारिक निमंत्रण पर चार दिवसीय नेपाल दौरे पर रविवार को काठमांडू पहुंचे थे। उनकी यात्रा के दौरान नेपाल और भारत के बीच सैन्य संबंधों तथा आपसी सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।सोमवार को नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने जनरल धीरज सेठ को नेपाली सेना के मानद महारथी की उपाधि से सम्मानित किया। नेपाल और भारत के बीच वर्ष 1950 से दोनों देशों के सेना प्रमुखों को एक-दूसरे की सेना में मानद महारथी की उपाधि प्रदान करने की परंपरा चली आ रही है।
इससे पहले सोमवार को नेपाली सेना के प्रधान सेनापति अशोकराज सिग्देल और भारतीय स्थल सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ के बीच द्विपक्षीय बैठक भी हुई थी। बैठक में दोनों देशों के बीच रक्षा एवं सैन्य सहयोग से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।










