Time 24×7Tak
चम्पावत UK चम्पावत 👉 सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दलों के कलाकारों ने लंबे समय से लंबित मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। कलाकारों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 से उनके कार्यक्रमों का भुगतान नहीं हुआ है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
दल नायकों ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग से जुड़े पंजीकृत सांस्कृतिक दल अहम भूमिका निभाते हैं। कलाकार नुक्कड़ नाटक, लोकगीत और लोकनृत्यों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाते हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री सहित अन्य सरकारी कार्यक्रमों में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति का प्रदर्शन करते हैं तथा पारंपरिक छोलिया नृत्य के माध्यम से अतिथियों का स्वागत भी करते हैं।
कलाकारों ने जिलाधिकारी को बताया कि लंबे समय से भुगतान न होने के कारण कई कलाकार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने शीघ्र भुगतान कराए जाने की मांग की।
इस पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कलाकारों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति के संरक्षण में सांस्कृतिक दलों का महत्वपूर्ण योगदान है। प्रशासन लोक कलाकारों के साथ खड़ा है और उनके लंबित भुगतान को शीघ्र कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रशासन भविष्य में भी हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।
इस अवसर पर इंडियन आइडल विजेता पवनदीप राजन के पिता जय गोलू जन्मभूमि सांस्कृतिक कला मंच चम्पावत अध्यक्ष सुरेश राजन, कुमाऊं लोक सांस्कृतिक कला दर्पण लोहाघाट के अध्यक्ष भैरव राय, जय मां पूर्णागिरी संस्कृतिक सेवा समिति बनबसा की अध्यक्ष मनीषा सहित जिले के विभिन्न पंजीकृत सांस्कृतिक दलों के दल नायक एवं कलाकार उपस्थित रहे।










