✍️सीएमओ की ताबड़तोड़ छापेमारी से अस्पतालों में हड़कंप, लापरवाही पर सख्त रुख अनुपस्थित कर्मचारियों से मांगा स्पष्टीकरण, बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर चेतावनी; प्रचार सामग्री वितरण में लापरवाही पर वेतन रोकने के निर्देश👉

✍️सीएमओ की ताबड़तोड़ छापेमारी से अस्पतालों में हड़कंप, लापरवाही पर सख्त रुख अनुपस्थित कर्मचारियों से मांगा स्पष्टीकरण, बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर चेतावनी; प्रचार सामग्री वितरण में लापरवाही पर वेतन रोकने के निर्देश👉

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

Time 24×7Tak

पिथौरागढ़ UK                                                           पिथौरागढ़ 👉 जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और अस्पतालों की कार्यप्रणाली को दुरुस्त करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. जे.एस. चुफाल ने लगातार दो दिनों तक विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई अस्पतालों में कर्मचारियों की अनुपस्थिति, अनुशासनहीनता, प्रचार सामग्री के वितरण में लापरवाही तथा आधारभूत सुविधाओं की खामियां सामने आने पर सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कनालीछीना में उपस्थिति पंजिका की जांच के दौरान कई कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने अनुपस्थित कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीडीहाट में लंबे समय से अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया। स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी प्रचार सामग्री का वितरण नहीं होने पर भी उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गोचर अस्पताल के निरीक्षण में भवन की टूटी खिड़कियां और पानी के रिसाव की समस्या सामने आई। इस पर सीएमओ ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए ताकि मरीजों और तीमारदारों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेरीनाग में प्रोग्राम मैनेजर बिना अवकाश आवेदन के अनुपस्थित पाए गए, जिस पर उनका स्पष्टीकरण मांगा गया। सीएमओ ने जिले के सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनकी पूर्व अनुमति के बिना कोई भी कर्मचारी मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। अस्पताल में उपलब्ध प्रचार सामग्री की रिसीविंग प्रस्तुत नहीं किए जाने पर संबंधित एएनएम को फटकार लगाई गई तथा संबंधित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने के मौखिक निर्देश दिए गए। इसके अलावा जिला मुख्यालय से एक माह पूर्व भेजे गए रेफ्रिजरेटर को अब तक अनबॉक्स नहीं किए जाने पर फार्मेसी अधिकारी से भी जवाब तलब किया गया।
निरीक्षण के दूसरे दिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगोलीहाट में कर्मचारियों ने पेयजल समस्या से अवगत कराया। इस पर सीएमओ ने विभागीय अभियंता को तत्काल मौके पर भेजकर जांच कराने और समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यहां भी स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी प्रचार सामग्री का वितरण नहीं होने पर संबंधित एएनएम को फटकार लगाई गई।
सीएमओ डॉ. जे.एस. चुफाल ने कहा कि अस्पतालों में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे और मरीजों की सुविधा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें
error: Content is protected !!