Time 24×7Tak
पिथौरागढ़ पिथौरागढ़ 👉 युवा बाल साहित्यकार एवं राष्ट्रीय उद्घोषक इंजी. ललित शौर्य की 19वीं पुस्तक ‘धरती के मेहमान’ का विमोचन विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी ने यमुना कॉलोनी स्थित अपने आवास पर आयोजित कार्यक्रम में किया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी ने कहा कि बाल साहित्य बच्चों के बौद्धिक और रचनात्मक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ललित शौर्य बाल साहित्य के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उनका ‘मोबाइल नहीं, पुस्तक दें’ अभियान भी बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करने की दिशा में प्रेरणादायी पहल है। उन्होंने कहा कि स्कूली पाठ्यक्रम के साथ-साथ बच्चों को बाल कहानियां, कॉमिक्स और अन्य रोचक साहित्य भी पढ़ना चाहिए, क्योंकि पढ़ा हुआ ज्ञान जीवनभर स्मृति में बना रहता है।
लेखक इंजी. ललित शौर्य ने विधानसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि उनकी नई पुस्तक ‘धरती के मेहमान’ परग्रही (एलियंस) विषय पर आधारित कल्पनात्मक बाल कथा संग्रह है। उन्होंने कहा कि बच्चों में एलियंस और अंतरिक्ष को लेकर स्वाभाविक जिज्ञासा रहती है। यह पुस्तक उनकी कल्पनाशक्ति और वैज्ञानिक सोच को विस्तार देने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि आज की कल्पनाएं ही भविष्य के विज्ञान का आधार बनती हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि ‘मोबाइल नहीं, पुस्तक दें’ अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों तक बाल साहित्य पहुंचाना है।
कार्यक्रम में हिमालयन हेरिटेज सोसायटी के निदेशक रजनीश कौंसवाल, समाजसेवी विनोद खंडूरी तथा यमन डबराल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।










