
Time 24×7Tak
चम्पावतUK चम्पावत, 26 अगस्त👉 नेपाल में भारी बारिश और बाढ़ से उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए चम्पावत जिला प्रशासन ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्कता और निगरानी बढ़ा दी है। प्रशासन की तत्परता के चलते टनकपुर क्षेत्र में SDRF टीम को हाई अलर्ट पर रखा गया है, जबकि शारदा बैराज, घाटों और संवेदनशील तटीय इलाकों में लगातार निगरानी की जा रही है।
सेनानायक SDRF के निर्देशों के अनुपालन में टनकपुर में तैनात SDRF जवान लगातार संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त कर रहे हैं। टीम ने बुधवार को शारदा घाट और निचले इलाकों का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों, यात्रियों तथा मछुआरों को नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावित स्थिति के प्रति जागरूक किया। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीम को आवश्यक जीवनरक्षक उपकरणों के साथ 24 घंटे तैयार रखा गया है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। सिंचाई, राजस्व, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने को कहा गया है।
जिला प्रशासन की सक्रिय निगरानी और विभागों के बीच बेहतर समन्वय से संभावित आपदा से निपटने की तैयारियां मजबूत हुई हैं। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे उफनती नदियों, शारदा घाट और तटीय क्षेत्रों के समीप अनावश्यक रूप से न जाएं। बच्चों और पशुओं को भी नदी किनारे जाने से रोकने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा जिला आपदा कंट्रोल रूम को दी जाए।
समय रहते सतर्कता, SDRF की मुस्तैदी और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय से चम्पावत जिला प्रशासन ने संभावित खतरे से निपटने के लिए अपनी तैयारियों को प्रभावी रूप से मजबूत किया है।










