✍️ककनई में बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन गंभीर, 13 लाख से बनी पैदल पुलिया उपलब्ध👉

✍️ककनई में बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन गंभीर, 13 लाख से बनी पैदल पुलिया उपलब्ध👉

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

चम्पावत UK                                                              चम्पावत 16 अगस्त👉 बूंगा दुर्गापीपल तोक से ककनई इंटर कॉलेज तक छात्र-छात्राओं के आवागमन को लेकर पोर्टल पर प्रसारित खबर के संबंध में जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। खंड शिक्षा अधिकारी श्री भारत जोशी ने बताया कि बच्चों की सुविधा एवं सुरक्षित आवागमन के लिए ग्राम पंचायत ककनई के तलाई गधेरे में ज्ञान सेतु अभियान के अंतर्गत करीब 13 लाख रुपये की लागत से पैदल पुलिया का पुनर्निर्माण पूर्व में ही कराया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि उक्त पैदल पुलिया वर्तमान में आवागमन के लिए उपलब्ध और सुरक्षित है। प्रशासन द्वारा बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह व्यवस्था की गई है, ऐसे में विद्यार्थियों को नदी अथवा गधेरे के दुर्गम एवं जोखिमपूर्ण हिस्सों से होकर विद्यालय जाने की आवश्यकता नहीं है।

प्रधानाचार्य श्री गणेश सिंह एवं स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ छात्र-छात्राएं करीब एक किलोमीटर की दूरी बचाने के लिए निर्धारित सुरक्षित मार्ग के बजाय शॉर्टकट रास्तों का इस्तेमाल करते हैं। बरसात के दौरान गधेरे और नदी का जलस्तर बढ़ने पर ऐसे रास्तों से आवागमन करना जोखिमपूर्ण हो सकता है।

खंड शिक्षा अधिकारी श्री भारत जोशी ने छात्र-छात्राओं और अभिभावकों से अपील की है कि बरसात के मौसम में केवल निर्धारित एवं सुरक्षित मार्ग का ही उपयोग करें। नदी-नालों अथवा दुर्गम और अनधिकृत रास्तों से आवागमन न करें। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों को सुरक्षित मार्ग से विद्यालय आने-जाने के लिए प्रेरित करने की अपील की है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक व्यवस्था पूर्व में ही उपलब्ध कराई जा चुकी है।


ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें
error: Content is protected !!